सलूम्बर।जिला पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार यादव के निर्देशन में अरावली पर्वतमाला क्षेत्र में अवैध खनन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना गींगला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 80 टन अवैध बजरी जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रतन चावला के सुपरविजन एवं वृताधिकारी सलूम्बर श्री हेरम्ब जोशी के निर्देशन में, थानाधिकारी श्री धर्मेन्द्र सिंह वाघेला के नेतृत्व में की गई।
पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम कोटा के पास खेत में अवैध बजरी का भंडारण किया गया है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम एवं खनिज विभाग ने संयुक्त जांच की, जिसमें लगभग 80 टन अवैध खनिज बजरी का भंडारण पाया गया। जांच के दौरान सामने आया कि उक्त स्थल पर कोई भी वैध खनन पट्टा स्वीकृत नहीं है, जिससे यह भंडारण पूर्णतः अवैध श्रेणी में आता है।
खनिज विभाग के अनुसार यह मामला माइंस एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) एक्ट 1957 की धारा 4 व 21, राजस्थान माइनर मिनरल कंसेशन रूल्स 2017 की धारा 54 व 60 तथा बीएनएस 2023 की धारा 303(2) के अंतर्गत दंडनीय अपराध है।
पटवारी द्वारा मौके के अक्षांश-देशांतर के आधार पर पुष्टि की गई कि संबंधित भूमि खसरा नंबर 365, खाता संख्या 19, खातेदार श्री देवीलाल पिता खेमा पटेल, निवासी कोटा के नाम दर्ज है। पुलिस ने बजरी जब्त कर विधिक कार्रवाई करते हुए प्रकरण पंजीबद्ध कर अनुसंधान सहायक उप निरीक्षक श्री जीवतराम के जिम्मे सौंपा है।
कार्यवाही में शामिल पुलिस टीम
श्री धर्मेन्द्र सिंह वाघेला – थानाधिकारी, गींगला
श्री शोभाराम – कांस्टेबल नं. 261
श्री शैलेन्द्र कुमार – कांस्टेबल नं. 231
श्री हनुमानराम – कांस्टेबल नं. 246