सलूंबर जिले में पहली बार राजस्व खेल महाकुंभ, कलेक्टर की अगुवाई में अफसर–कर्मचारी उतरे मैदान में

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। जिला सलूंबर के गठन के बाद पहली बार जिला स्तरीय राजस्व खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 8 एवं 9 जनवरी 2026 को पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सलूंबर में भव्य रूप से किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन जिला कलेक्टर महोदय की अध्यक्षता में हुआ।
इस दो दिवसीय खेल महाकुंभ में क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, 100 मीटर दौड़, रस्साकशी एवं कुर्सी रेस जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता में जिला कलेक्टर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर सहित संपूर्ण जिले के समस्त उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, भू-अभिलेख निरीक्षक, पटवारी एवं मंत्रालयिक कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 8 टीमों का गठन किया गया। फाइनल मुकाबला तहसील सलूंबर एवं जिला कलेक्टर कार्यालय की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए सर्वाधिक रन बनाए और उनकी टीम जिला कलेक्टर कार्यालय ने विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। उपविजेता तहसील सलूंबर की टीम रही।
क्रिकेट में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार पंकज पाटीदार को प्रदान किया गया।
बैडमिंटन प्रतियोगिता में तहसीलदार डॉ. मयूर शर्मा विजेता रहे, जबकि राजकुमार मीणा (पटवारी, तोड़ा) उपविजेता रहे। महिला वर्ग में हीना एवं वर्षा ने विजेता का खिताब हासिल किया।
45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में विनय जानी प्रथम, भगवतीलाल जैन द्वितीय तथा सरदार सिंह सिसोदिया तृतीय स्थान पर रहे।
सामान्य वर्ग की 100 मीटर दौड़ में प्रहलाद सिंह राठौड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं महिला वर्ग में कोकिला चरपोटा प्रथम रहीं।
रस्साकशी प्रतियोगिता में तहसील जलारा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
इस आयोजन ने न केवल राजस्व प्रशासन में खेल भावना, आपसी समन्वय और सौहार्द को बढ़ावा दिया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि प्रशासनिक दायित्वों के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली और टीम भावना भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!