सलूंबर नगर में आयोजित 10 दिवसीय विशाल आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर ने स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस शिविर में कुल 3011 मरीजों को निशुल्क शल्य चिकित्सा, पंचकर्म एवं आयुर्वेदिक उपचार का लाभ प्रदान किया गया। यह शिविर अब तक का सबसे सफल आयुर्वेदिक चिकित्सा अभियान माना जा रहा है।
शिविर में देश के अनुभवी एवं प्रतिष्ठित आयुर्वेद विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं देकर मरीजों को राहत प्रदान की। प्रमुख चिकित्सकों में डॉ. सीताराम गुप्ता, डॉ. राकेश मीणा, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. जीत पटेल, डॉ. लोकेश पांचाल, डॉ. सतीश गुसर, डॉ. जगन्नाथ वर्मा, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. जितेंद्र दिगंबर जोशी, डॉ. रीना मीणा, डॉ. ममता जोशी, डॉ. अश्विनी जोशी एवं डॉ. आरती मीणा शामिल रहे।
नर्सिंग स्टाफ एवं परिचारकों ने भी दिन-रात सेवाएं देकर शिविर को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
इस महाआयोजन को सफल बनाने में सेवा भारती, आरोग्य भारती, गायत्री सेवा संस्थान सहित अनेक सामाजिक संगठनों का सहयोग उल्लेखनीय रहा।
शिविर के समापन अवसर पर महावीर इंटरनेशनल के उपाध्यक्ष गौतम राठौर, जोन सेक्रेटरी राजकुमार नलवाया, अध्यक्ष प्रभुलाल जैन, डॉ. अमरचंद जैन, मनीष जैन, भाजपा देहात जिला मंत्री करणसिंह पंवार, नगर मंडल अध्यक्ष विजेश भलवाड़ा सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि यह शिविर इस बात का प्रमाण है कि आयुर्वेद केवल परंपरा नहीं, बल्कि आधुनिक जीवनशैली की एक सशक्त और प्रभावी चिकित्सा पद्धति है।
सलूंबर के लिए यह आयोजन स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित हुआ, जिससे हजारों जरूरतमंदों को नया जीवन और स्वास्थ्य मिला।