सलूम्बर। जिले में दिनांक 15 जनवरी 2026 को जिला कांग्रेस कार्यालय सलूम्बर पर जिलाध्यक्ष के निर्देशन में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 27 जनवरी 2026, मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी सलूम्बर के तत्वावधान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय यूथ सम्मेलन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि यूथ सम्मेलन में सलूम्बर जिले के युवा कांग्रेस पार्टी की विचारधारा, संगठन की मजबूती एवं क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे। सम्मेलन के माध्यम से युवाओं को संगठन से जोड़कर उन्हें सामाजिक एवं राजनीतिक रूप से सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस अवसर पर सम्मेलन के सफल आयोजन को लेकर क्रियान्वयन, प्रबंधन, प्रचार-प्रसार एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष परमानंद मेहता ने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने हेतु पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी।
बैठक के दौरान संगठन को मजबूती प्रदान करते हुए अदकालिया ग्राम पंचायत से युवा कार्यकर्ता विकास मेहता (कपूरावत बाड़ा) ने जिलाध्यक्ष परमानंद मेहता के सानिध्य में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी पदाधिकारियों ने उनका स्वागत करते हुए उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
बैठक में जिला कांग्रेस से जुड़े संगठनात्मक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने एकजुट होकर आगामी यूथ सम्मेलन को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।