झल्लारा (सलूम्बर)। धरियावद विधानसभा क्षेत्र के झल्लारा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत घटेड़ स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पाल खण्डेल में विधायक निधि से निर्मित टीन शेड का लोकार्पण किया गया। टीन शेड का उद्घाटन धरियावद विधायक थावरचंद डामोर ने किया।
इस अवसर पर विधायक डामोर ने कहा कि विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का विकास विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने बताया कि टीन शेड बनने से विद्यार्थियों को धूप और बारिश से सुरक्षा मिलेगी तथा प्रार्थना सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के आयोजन में सुविधा होगी।
कार्यक्रम में भारतीय आदिवासी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। विद्यालय प्रशासन और ग्रामीणों ने इस जनोपयोगी कार्य के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने शिक्षा के क्षेत्र में भविष्य में भी ऐसे विकास कार्यों की निरंतरता की अपेक्षा जताई।