सलूम्बर। सलूम्बर–उदयपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने गामड़ा पाल पंचायत भवन परिसर में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए ‘विकसित भारत–जी राम जी’ अधिनियम को गांवों के सर्वांगीण विकास और श्रमिकों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम गांव, गरीब और श्रमिक वर्ग को आर्थिक रूप से सशक्त करने का सशक्त माध्यम बनेगा।
सांसद रावत ने श्रमिकों और किसानों को अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि कांग्रेस इस कानून को लेकर लगातार भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है, जबकि यह पूरी तरह से गांवों और मजदूरों के हित में है।
श्रमिकों को मिलेंगे 125 दिन का रोजगार
सांसद ने बताया कि नए अधिनियम के तहत अब 100 के स्थान पर 125 दिन का रोजगार उपलब्ध होगा, जिससे श्रमिकों की आय में सीधा इजाफा होगा। मजदूरी भुगतान में देरी होने पर ब्याज सहित पूरा भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं, रोजगार उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ता देने का भी प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि कई श्रमिक खेती से भी जुड़े होते हैं, ऐसे में कृषि कार्यों के लिए 60 दिन का अवकाश देने की व्यवस्था रखी गई है, जिससे किसान-श्रमिक अपनी दोनों जिम्मेदारियों का संतुलन बना सकें।
कांग्रेस के दुष्प्रचार पर तीखा प्रहार
सांसद रावत ने बताया कि अधिनियम में मनरेगा के प्रशासनिक व्यय को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 9 प्रतिशत किया गया है, जिससे मनरेगा कर्मियों के मानदेय में वृद्धि होगी और उन्हें आर्थिक संबल मिलेगा।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह झूठ और भ्रम के सहारे राजनीति करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कांग्रेस को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें दम है तो तथ्यों के साथ सार्वजनिक बहस करें और गांव व मजदूरों के विकास में बाधा न बनें।
ग्राम सभाओं से तय होंगी विकास की प्राथमिकताएं
सांसद ने कहा कि ‘विकसित भारत–जी राम जी’ योजना के तहत ग्राम पंचायतों और ग्राम सभाओं के माध्यम से गांवों की प्राथमिकताओं के अनुसार प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। अधिनियम में आजीविका और कौशल विकास को भी शामिल किया गया है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन से गांवों में स्थायी संरचनाएं, चिकित्सालय, स्कूल भवन, एनीकट सहित अन्य आधारभूत ढांचों का निर्माण होगा।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में अभियान के विधानसभा संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी, मंडल अध्यक्ष नाहर सिंह राठौड़, जिला मंत्री करण सिंह पंवार, जिला प्रवक्ता नाथूलाल कोलावत, पूर्व मंडल अध्यक्ष यशवंत त्रिवेदी, मंडल महामंत्री केशव चोबिसा, लालूराम पटेल, मंडल उपाध्यक्ष नारा भाई गामड़ा, मंडल मंत्री नाथूसिंह राठौड़ सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, किसान एवं श्रमिक उपस्थित रहे।