चावंड सराड़ा। सलूम्बर जिले में बाबा रामदेव सेवा समिति चावंड द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक चेतना के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में संत श्री कालू महाराज ने गुरु रविदास जी के जीवन और दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन भूख, भेदभाव और अन्याय से मुक्त समाज के निर्माण को समर्पित रहा।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समानता, प्रेम और भाईचारे का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज के लिए प्रासंगिक है। उनका सपना ऐसा समाज था, जहाँ कोई ऊँच-नीच न हो और हर व्यक्ति को सम्मान के साथ जीने का अधिकार मिले।
इस अवसर पर मेघवाल समाज, चावंड की बाबा रामदेव सेवा समिति के अध्यक्ष वेलचंद, कोषाध्यक्ष लालूराम, सचिव शिवराम, मौतबीर मोहनजी, भूरीलाल, शांतिलाल, भगवानजी, भंवरजी, अंबालाल, झमकलाल, लक्ष्मीलाल, मोहनजी, कन्हैयालाल, दिनेशजी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मेघवाल समाज द्वारा संकल्प लिया गया कि संत रविदास जी के समानता और भाईचारे के विचारों को आत्मसात कर समाज में सामाजिक समरसता को मजबूत किया जाएगा।
वहीं बाबा रामदेव सेवा समिति चावंड के मीडिया प्रभारी विष्णु मेघवाल तथा राष्ट्रीय मेघवाल समाज महासंघ के जिला कार्यकारी सदस्य एवं छप्पन क्षेत्रीय मेघवाल समाज रैदास क्लब के मीडिया प्रभारी विनोद मेघवाल (सराड़ा) ने सोशल मीडिया के माध्यम से संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं प्रकाश पर्व पर समस्त सर्व समाज को हार्दिक बधाई एवं मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।
उन्होंने गुरु रविदास जी को सामाजिक परिवर्तन के महानायक, परम ज्ञानी संत और समरस समाज के प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।