सलूंबर में सनसनी: तीन सूने मकानों पर धावा, 20 तोला सोना और 4 किलो चांदी लेकर चंपत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। जिला मुख्यालय पर बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से तीन सूने मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पहले पड़ोसियों को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, चोरों ने चालाकी दिखाते हुए सबसे पहले आसपास के मकानों के दरवाजों पर बाहर से ताला जड़ दिया, ताकि कोई बीच में हस्तक्षेप न कर सके। इसके बाद सूने घरों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारियों व बक्सों को खंगाल डाला।
शादी के गहनों पर भी हाथ साफ
पीड़ित परिवारों के अनुसार बदमाश करीब 20 तोला सोना, लगभग 4 किलो चांदी, नगदी राशि और शादी के लिए रखे गए कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी की कुल कीमत लाखों में आंकी जा रही है।
सुबह खुला राज
सुबह जब पड़ोसियों ने अपने घरों के बाहर लगे ताले देखे तो शक हुआ। इसके बाद तीनों मकानों के टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर चोरी का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। संदिग्धों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
इस घटना के बाद शहरवासियों में रोष और भय का माहौल है। लोगों ने रात में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!