सलूम्बर। शहर में स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए महावीर इंटरनेशनल सलूम्बर शाखा द्वारा जैन बोर्डिंग परिसर में निशुल्क हार्ट एवं डायबिटीज जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 80 मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया।
संस्था अध्यक्ष वीर प्रभुलाल जैन के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. तरुण दवे एवं सहायक चिकित्सक डॉ. चिलकेश पाटनी ने सेवाएं प्रदान कीं। मरीजों के ईसीजी, ब्लड शुगर सहित अन्य आवश्यक परीक्षण किए गए और रिपोर्ट के आधार पर उचित सलाह दी गई।
चिकित्सकों ने बताया कि बदलती जीवनशैली, बढ़ते तनाव और अनियमित खानपान के कारण हृदय रोग व मधुमेह के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाना बेहद आवश्यक है ताकि गंभीर बीमारियों से बचाव संभव हो सके।
संस्था सचिव वीर मनीष राजमल भीमावत ने बताया कि संगठन का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इस प्रकार के शिविर लोगों को समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक करते हैं।
शिविर की सफलता में मेडिककक्स बायोटेक के चुन्नीलाल प्रजापति, विकास जोशी, जयेश गर्ग, मेडिकल हेल्प के संजय कलाल तथा सारंग फार्मेसी का विशेष सहयोग रहा। रीजनल-4 निदेशक वीर जड़ाचंद जैन ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाजहित में उपयोगी पहल बताया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष वीर शैलेन्द्र सालगिया, कोषाध्यक्ष वीर अमरचंद, सह-सचिव वीर चन्द्रप्रकाश, जिला मीडिया प्रभारी वीर भगवतीलाल और युवा शाखा अध्यक्ष वीर संजय जैन सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया और संस्था की इस पहल की प्रशंसा की।