सलूम्बर। जिले की ग्राम पंचायत बरोड़ा स्थित बारोल जी मंदिर के सामने आज सालवी समाज द्वारा आयोजित भव्य धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन श्री बाबारामदेव सेवा एवं विकास समिति, बारह गाँव तीन सौ घर, छप्पन क्षेत्र के तत्वावधान में किया गया।
आयोजन के प्रथम दिवस फाल्गुन सुदी एकम पर प्रातः 8:15 से 9:15 बजे तक हिमाद्रि स्नान सहित प्रायश्चित कर्म संपन्न हुआ। इसके पश्चात प्रातः 10:30 से 12:00 बजे तक गणेश पूजन, मातृ पूजन एवं मंडप प्रवेश की विधिवत रस्में अदा की गईं।
आचार्य किशोर त्रिवेदी बरोड़ा की टीम द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महायज्ञ एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान कराए गए। दोपहर में विविध अधिवासन,कर्म कुटी प्रयोग एवं कूप पूजन जैसे पावन अनुष्ठान संपन्न हुए।संध्या समय भव्य पूजा-आरती के साथ शय्याधिवास (निंद्रा कलश) की विधि पूरी की गई। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
सांयकाल महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजकों ने बताया कि गुरुवार को भी धार्मिक कार्यक्रम जारी रहेंगे तथा क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की गई है।