परशुराम महादेव की चढ़ाई पर थमा एक श्रद्धालु का सफर: हार्ट अटैक से निधन, शोक की लहर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पाली जिले में सादड़ी आस्था की डगर पर निकले एक श्रद्धालु का सफर सोमवार को दर्दनाक मोड़ पर थम गया। परशुराम महादेव मंदिर के दर्शन के लिए आए एक व्यक्ति की चढ़ाई के दौरान हृदयाघात से मृत्यु हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक हस्तीमल पुत्र भंवरलाल उपाध्याय, निवासी साड़िया (सोजत), अपने 10–12 साथियों के साथ दो वाहनों में सादड़ी पहुंचे थे। दल ने पहले कुंड धाम तक वाहन से पहुंचकर वहां से गुफा मंदिर की ओर प्रस्थान किया। कुंड धाम से गुफा मंदिर तक लगभग डेढ़ किलोमीटर का पगडंडी मार्ग है, जिसमें तीखी चढ़ाई शामिल है।
बताया जा रहा है कि दर्शन स्थल से पहले ही रास्ते में हस्तीमल की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्हें तेज सीने में दर्द की शिकायत हुई। साथ आए यात्रियों ने घबराहट में आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें किसी तरह वापस कुंड धाम तक पहुंचाया। वहां से तत्काल एम्बुलेंस के जरिए सादड़ी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। अचानक हुए इस हादसे से परिवारजनों और साथियों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
श्रद्धालु की असामयिक मृत्यु पर क्षेत्रवासियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने बाबा से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

रिपोर्टर भीखा राम

और पढ़ें

error: Content is protected !!