सलूंबर में पुलिस का सख्त एक्शन: 188 ठिकानों पर छापे, 31 स्थायी वारंटी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। जिले में अपराधियों के खिलाफ रविवार को बड़ा और सुनियोजित अभियान चलाते हुए पुलिस ने व्यापक एरिया डोमिनेशन कार्रवाई की। इस विशेष अभियान के तहत जिलेभर में एक साथ 55 टीमों ने 188 संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कुल 72 व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कदम उठाए गए, जबकि 31 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
यह अभियान पुलिस मुख्यालय जयपुर और आईजी उदयपुर रेंज के निर्देशानुसार जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में संचालित किया गया।
योजनाबद्ध तरीके से चला अभियान
रविवार सुबह शुरू हुए इस अभियान में जिले के सभी थाना क्षेत्रों की विशेष टीमें शामिल रहीं। पुलिस ने पूर्व निर्धारित सूची के आधार पर वांछित अपराधियों और संदिग्धों के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से आपराधिक तत्वों में हड़कंप मच गया।
31 स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी
अभियान के दौरान 31 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा धारा 170 बीएनएसएस के तहत 28 व्यक्तियों को पाबंद किया गया तथा 13 गिरफ्तारी वारंटों का भी निष्पादन किया गया। कुल मिलाकर 72 लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
अवैध गतिविधियों पर भी शिकंजा
कार्रवाई के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में आबकारी अधिनियम के तहत 8 प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ 2 अलग-अलग मामलों में कार्रवाई कर जब्ती की गई।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, अपराध नियंत्रण और जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की सघन और प्रभावी कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!