सलूंबर में संगठित चोर गिरोह सक्रिय, कांग्रेस ने प्रशासन को घेरा बढ़ती वारदातों पर कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन, विशेष दस्ता बनाने की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने आमजन की चिंता बढ़ा दी है। पिछले दो-तीन महीनों में ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में ताबड़तोड़ वारदातों के बाद जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर सख्त कदम उठाने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि कई स्थानों पर चोर गिरोह पहले रेकी करता है और फिर सुनियोजित ढंग से ताले तोड़कर जेवरात और नकदी पार कर देता है। सलूंबर थाना क्षेत्र के सेरीया गांव में हाल ही में एक ही गिरोह द्वारा कई मकानों को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है। लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने के बावजूद अब तक पूरी बरामदगी नहीं हो सकी है।
सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई की रफ्तार पर सवाल उठाए जा रहे हैं। कुछ मामलों में गिरफ्तारी हुई, लेकिन चोरी का माल पूरी तरह नहीं मिला। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सराड़ा और सेमारी थाना क्षेत्रों में भी लगातार ताले टूटने की घटनाएं सामने आई हैं। कुछ वीडियो में बदमाशों के हाथों में धारदार हथियार दिखाई देने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। कस्बे के भोईवाड़ा इलाके में पुलिस चौकी के समीप हुई वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर और प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
घारोद, डाल और अदकालिया गांवों में भी देर रात संदिग्ध गतिविधियां कैमरों में कैद हुईं। ग्रामीणों की सतर्कता से कुछ जगह बड़ी घटनाएं टल गईं, लेकिन लोगों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है।
कांग्रेस ने मांग की है कि लंबित मामलों का शीघ्र खुलासा किया जाए, चोरी गया माल बरामद हो, रात्रि गश्त सख्ती से बढ़ाई जाए और एक विशेष पुलिस टीम गठित कर संगठित गिरोहों पर नकेल कसी जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि ठोस कार्रवाई नहीं होने पर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!