सलूंबर। होली के त्यौहार को देखते हुए जिले में मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों पर लगाम कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया। शहर के प्रमुख बाजारों में मिठाई, नमकीन, चाय-नाश्ता और फास्ट फूड दुकानों पर औचक निरीक्षण कर टीम ने सैंपल लिए और दूषित सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया।
यह कार्रवाई जिला कलेक्टर अवधेश मीणा तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार परमार के निर्देशन में की गई। निरीक्षण के दौरान कुल 10 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भिजवाए गए। वहीं करीब 30 किलो खराब और अवधि पार सामग्री को जब्त कर नष्ट किया गया।
प्रमुख दुकानों पर कार्रवाई
शहर के नाकोड़ा मिष्ठान व नमकीन भंडार पर टीम ने रसगुल्ले का नमूना लिया। जांच के दौरान लगभग 20 किलो संदिग्ध व खराब खाद्य सामग्री पाई गई, जिसे तत्काल नष्ट करवाया गया।
इसके बाद बस स्टैंड क्षेत्र स्थित श्री माजीसा स्वीट की जांच में कलाकंद, बेसन, रिफाइंड सोयाबीन तेल और नमक के सैंपल लिए गए। यहां से करीब 10 किलो एक्सपायरी और दूषित मिठाइयों को नष्ट किया गया।
रिपोर्ट के आधार पर होगी अगली कार्रवाई
विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी सैंपल की लैब रिपोर्ट आने के बाद यदि गुणवत्ता में कमी या मिलावट पाई जाती है तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं की सेहत से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता और एक्सपायरी तिथि अवश्य जांचें तथा किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना विभाग को दें।