परसाद में खाद्य विभाग का छापा: 400 किलो एक्सपायरी सामान नष्ट, 5 नमूने जांच को भेजे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। जिले के परसाद कस्बे में खाद्य सुरक्षा विभाग ने होली पर्व से पहले बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 400 किलो अवधिपार एवं संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट कर दी। ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया और कई व्यापारियों ने एहतियातन दुकानें बंद कर दीं।
कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान की आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर की गई। जिला कलेक्टर अवधेश मीणा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार परमार के मार्गदर्शन में टीम ने परसाद स्थित महावीर जनरल स्टोर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान घी, तेल, चाय पत्ती, मसाले सहित बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री एक्सपायरी पाई गई। अधिकांश उत्पादों की अवधि एक वर्ष से अधिक समय पहले समाप्त हो चुकी थी। टीम ने मौके पर ही सामग्री जब्त कर नियमानुसार नष्ट कर दी। घी का एक नमूना जांच के लिए लिया गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी ने बताया कि फर्म का लाइसेंस भी निर्धारित श्रेणी के अनुरूप नहीं पाया गया, जिस पर सुधार नोटिस जारी किया जाएगा।
इसके अलावा श्री जोधपुर स्वीट्स से कलाकंद, चावंड के महावीर ट्रेडर्स से चाय पत्ती तथा थरोदा के त्रिपुरा किराना स्टोर से सूजी व दलिया के नमूने लिए गए हैं। सभी नमूनों को जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला उदयपुर भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने व्यापारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, वैध लाइसेंस प्रदर्शित करने और एक्सपायरी उत्पाद न बेचने की सख्त हिदायत दी है। आमजन से भी खरीदारी के समय निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि और एफएसएसएआई नंबर जांचने की अपील की गई है। शिकायत के लिए कंट्रोल रूम या 181 पर संपर्क किया जा सकता है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!