सलूंबर में मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव: 75 युवाओं को नियुक्ति पत्र, 16,600 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। प्रदेशभर में आयोजित मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव एवं युवा सम्मेलन के तहत शनिवार को राजस्थान में रोजगार और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णयों की घोषणा की गई। अजमेर से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री Narendra Modi ने एचपीवी वैक्सीन का औपचारिक शुभारंभ किया, साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित 21,863 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इसके अतिरिक्त 16,600 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 1,000 करोड़ रुपए की सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि का भी लाभार्थियों को हस्तांतरण किया गया। मुख्यमंत्री Bhajanlal Sharma ने युवाओं को संबोधित करते हुए प्रदेश में रोजगार सृजन और विकास को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
जिला मुख्यालय सलूंबर में भी हुआ आयोजन
राज्य स्तरीय समारोह से वर्चुअली जुड़े सलूंबर जिला मुख्यालय के पंचायत समिति सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां 75 नवचयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र और वेलकम किट वितरित की गई। समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।
जिला कलक्टर अवधेश मीना, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, सीएमएचओ डॉ. महेंद्र परमार, एसीपी दीपक धाकड़ सहित कई अधिकारी मंचासीन रहे। चयनित अभ्यर्थियों को मंच से नियुक्ति पत्र प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
युवाओं को दिया जिम्मेदारी निभाने का संदेश
अपने संबोधन में जिला कलक्टर अवधेश मीना ने युवाओं से सकारात्मक सोच और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल रोजगार नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है।
उन्होंने युवाओं से ‘मेरा क्या, मुझे क्या’ की मानसिकता से ऊपर उठकर समाजहित में योगदान देने की अपील की। कलक्टर ने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी का व्यवहार ही सरकार की छवि को दर्शाता है, इसलिए नैतिक मूल्यों और सेवा भावना के साथ योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में चयनित युवाओं ने सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और जनकल्याण के लिए समर्पित रहने का संकल्प लिया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!