सलूम्बर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह के अवसर पर महिला अधिकारिता विभाग की ओर से पंचायत समिति सभागार में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाना रहा।
कार्यशाला में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आई साथिनों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों और सुपरवाइजरों ने महिलाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार और समाज में सशक्त भूमिका निभा सकती हैं।
इस दौरान लाड़ो प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना, सामूहिक विवाह योजना, कालीबाई भील उड़ान योजना, सखी वन स्टॉप सेंटर और महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र सहित अन्य योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, पात्रता और आवेदन संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में मौजूद सभी सुपरवाइजरों ने महिलाओं को योजनाओं के बारे में मार्गदर्शन देते हुए कहा कि सरकार की इन पहल का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
कार्यशाला के अंत में महिलाओं से अपील की गई कि वे सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाने के साथ-साथ समाज में सशक्त भागीदारी निभाएं।