माण्डली में गूंजा आदिवासी गैर नृत्य, फसली उत्सव में उमड़ा जनसैलाब

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

झल्लारा | धरियावद विधानसभा क्षेत्र की माण्डली ग्राम पंचायत में पारंपरिक आदिवासी गैर नृत्य फसली उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान आदिवासी संस्कृति और लोक परंपराओं की अनूठी झलक देखने को मिली। ढोल-नगाड़ों की थाप और लोकगीतों की गूंज के बीच पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवक-युवतियों ने गैर नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को उत्साह से भर दिया।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने धारुआ तलवारों और डंडों के साथ अपनी पारंपरिक कला का शानदार प्रदर्शन किया, जो आदिवासी समाज की वीरता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। लोकगीतों की धुन पर थिरकते कदमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर डूंगरपुर-बांसवाड़ा सांसद राजकुमार रोत, धरियावद विधायक थावरचंद डामोर, आसपुर विधायक उमेश डामोर, बागीदौरा विधायक जयकृष्ण पटेल, सांसद प्रत्याशी प्रकाश बुज, वरिष्ठ समाजसेवी कांति दादा रोत, समाजसेवी निलेश बरोड तथा युवा नेता आशुतोष रोत सहित कई जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में शिरकत की।
समारोह को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने आदिवासी संस्कृति के संरक्षण और सामाजिक एकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी परंपराओं को जीवित रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस दौरान आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग मौजूद रहे।

संवाददाता नाथू लाल सालवी

और पढ़ें

error: Content is protected !!