डूंगरपुर में शराब तस्करों पर DST की बड़ी कार्रवाई, पहाड़ी रास्ते से गुजरात भेजी जा रही खेप पकड़ी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डूंगरपुर। जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे पुलिस अभियान के तहत जिला विशेष टीम (DST) को बड़ी सफलता मिली है। बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में दुर्गम पहाड़ी मार्गों पर निगरानी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद कर तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया।
पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में गठित जिला विशेष टीम लगातार जिले में सक्रिय तस्करी नेटवर्क पर नजर बनाए हुए है। इसी क्रम में टीम को सूचना मिली थी कि बिछीवाड़ा क्षेत्र के पहाड़ी और कच्चे रास्तों का उपयोग कर शराब की खेप गुजरात भेजने की तैयारी की जा रही है। सूचना के आधार पर DST प्रभारी मदन लाल के नेतृत्व में टीम ने बिछीवाड़ा सर्कल के बरोठी इलाके में निगरानी और नाकाबंदी शुरू की।
निगरानी के दौरान एक संदिग्ध सफेद रंग की इनोवा कार (नंबर GJ 01 HY 9659) वहां से गुजरती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का संकेत दिया, लेकिन कार में सवार तस्करों ने भागने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने पुलिस वाहन को टक्कर मारकर निकलने का प्रयास भी किया। हालांकि पुलिस टीम ने उनका पीछा जारी रखा।
कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद तस्कर बरोठी–चूण्डावाड़ा मार्ग पर गाड़ी छोड़कर जंगलों की ओर फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर छोड़ी गई कार की तलाशी ली तो उसमें अलग-अलग ब्रांड की अवैध शराब के 81 कार्टन और 43 पव्वे भरे हुए मिले।
पुलिस ने शराब से भरी लग्जरी कार को जब्त कर लिया है और बरामद माल को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बिछीवाड़ा थाने के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वाहन नंबर के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!