झल्लारा । सलूंबर जिले की धौलागिर खेड़ा ग्राम पंचायत के ओड़ा (होली फला) गांव में सोमवार को बिजली विभाग की लापरवाही और शॉर्ट सर्किट ने तीन किसान परिवारों के चेहरों पर मायूसी ला दी। गांव के ऊपर से गुजर रही 11 केवी लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट की चिंगारियों ने खलिहान में रखी तैयार फसल को देखते ही देखते राख के ढेर में बदल दिया। इस अग्निकांड में करीब 40 से 50 क्विंटल अनाज जलने का अनुमान है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, किसान ओंगडिया पिता सवा, नाथू पिता सवा और लालू पिता सवा मीणा ने अपने खेतों से गेहूं, चना और जौ की फसल काटकर खलिहान में इकट्ठा कर रखी थी। फसल की थ्रेसिंग (निकालाई) की तैयारी चल रही थी, तभी पास से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन के तारों के शॉर्ट सर्किट होने से भयंकर चिंगारियां उठीं। सूखी फसल होने के कारण आग ने तुरंत विकराल रूप धारण कर लिया।
ग्रामीणों का संघर्ष और प्रशासन की कार्रवाई
आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
सूचना मिलने पर हल्का पटवारी मौके पर पहुंचे और दमकल (फायर ब्रिगेड) को सूचित किया गया।
जब तक अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा, तब तक काफी नुकसान हो चुका था। हालांकि, कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया और पास के अन्य खलिहानों को इसकी चपेट में आने से बचा लिया।
इस हादसे में ओंगडिया, नाथू और लालू मीणा के परिवारों को भारी आर्थिक चोट पहुंची है। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, करीब 40 से 50 क्विंटल गेहूं, चना और जौ जलकर राख हो गया है। बिजली विभाग की घोर लापरवाही से ग्रामीणों में रोष है।
अग्निशमन कर्मियों में शंकर लाल, ईश्वर लाल,लोगर लाल फायरमैन की आग बुझाने में आरंभ भूमिका रही।