सलूंबर थाने में बाल संरक्षण पर संवाद, यूनिसेफ भारत की चीफ ने सराहे ‘टीम सलूंबर’ के प्रयास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। जिले में बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोमवार को सलूंबर थाना परिसर में विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों, सुरक्षा सखी, पुलिस मित्र, यूथ सीएलजी के सदस्यों तथा स्कूली बच्चों ने भाग लेकर बाल संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा की।
इस अवसर पर यूनिसेफ भारत की चीफ मिलन कीड़ाने, यूनिसेफ के मनोरोग विशेषज्ञ ज्योति, यूनिसेफ राजस्थान के प्रमुख लक्ष्मी नरसिम्हाराव, बाल संरक्षण विशेषज्ञ संजय कुमार निराला तथा बाल संरक्षण अधिकारी हिमाली लेउवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव ने की।
बच्चों की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी राजेश कुमार यादव ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। पुलिस विभाग इस दिशा में संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने यूनिसेफ के सहयोग से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों, पुलिस मित्र और सुरक्षा सखी जैसी पहलों की सराहना करते हुए कहा कि “टीम सलूंबर” बच्चों और महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने को लगातार प्रयासरत है।
यूनिसेफ भारत की चीफ ने की पहल की प्रशंसा
यूनिसेफ भारत की चीफ मिलन कीड़ाने ने जिले में बाल एवं महिला सुरक्षा के लिए किए जा रहे सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस, समाज और संस्थाओं के सहयोग से बच्चों के लिए सकारात्मक माहौल तैयार हुआ है, जो अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने संवाद के दौरान सामने आए अनुभवों और सफलता की कहानियों की प्रशंसा करते हुए भरोसा दिलाया कि आवश्यक सुझावों को उच्च स्तर पर रखा जाएगा और यूनिसेफ हर संभव सहयोग करेगा।
कम्युनिटी पुलिसिंग की गतिविधियों की दी जानकारी
कार्यक्रम की शुरुआत में डीएसपी हेरंब जोशी ने कार्यक्रम के उद्देश्य बताते हुए जिले में कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत चल रही गतिविधियों की जानकारी दी। वहीं थानाधिकारी प्रोबेशनरी आरपीएस सेजल शेखावत ने पिछले पांच वर्षों में जिले में बाल संरक्षण के क्षेत्र में हुए बदलावों और उपलब्धियों का आंकड़ों के साथ प्रस्तुतीकरण किया।
सीआई हेमंत चौहान ने पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव द्वारा शुरू किए गए यूथ सीएलजी नवाचार की जानकारी दी। इस पहल से लाभान्वित युवाओं विनोद और कविता ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस मंच ने उन्हें रोजगार और आत्मविश्वास दोनों प्रदान किए हैं।
प्रतिभागियों ने दिए सुझाव
संवाद कार्यक्रम के दौरान बाल कल्याण पुलिस अधिकारी भूपेन्द्र सिंह, जीवतराम, रतन सिंह, कालिका पेट्रोलिंग टीम की जया जैन, सुरक्षा सखी प्राची भट्ट, मनीषा, गजेन्द्र कुंवर, पुलिस मित्र कीर्तन और रवि सहित कई प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और बाल सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के अंत में यूनिसेफ राजस्थान के अधिकारियों ने थाना परिसर में संचालित बाल मित्र कक्ष का अवलोकन किया तथा पुलिस अधिकारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी ली। साथ ही स्कूली विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें सामुदायिक पुलिसिंग और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!