गुणवत्ता से समझौता नहीं, तय समय में पूरा करने के निर्देश — यूरोपीय शैली में बनेगा अत्याधुनिक भवन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा कस्बे में नगर पालिका के नए प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। मंगलवार को सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा ने निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक डेचा ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भवन का निर्माण निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को जल्द से जल्द बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
विधायक ने निर्माण कार्य की बारीकियों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए, जिससे कार्य बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से चलता रहे।
इस दौरान सागवाड़ा उपखंड अधिकारी सुबोध सिंह चारण, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
विधायक डेचा ने बताया कि करीब 6 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला यह नया भवन यूरोपीय शैली पर आधारित होगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह भवन न केवल सागवाड़ा की सुंदरता को बढ़ाएगा, बल्कि क्षेत्र के प्रशासनिक ढांचे को भी मजबूत करेगा। इसमें आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!