गार्ड ऑफ ऑनर के साथ पदभार ग्रहण, बोले—जनता का भरोसा और अपराध नियंत्रण प्राथमिकता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। जिले में पुलिस महकमे को नया नेतृत्व मिल गया है। आईपीएस अधिकारी विशनाराम विश्नोई ने गुरुवार को सलूंबर के पुलिस अधीक्षक पद का कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर शुभारंभ किया, जिसके बाद पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
विश्नोई इससे पूर्व जयपुर में सीआईडी (सीबी) में पुलिस अधीक्षक के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। वहीं, पूर्व पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव का स्थानांतरण कर उन्हें राजस्थान पुलिस अकादमी, जयपुर में उप निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नए एसपी ने पदभार संभालते ही अपने इरादे स्पष्ट कर दिए। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। आमजन से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास का रिश्ता मजबूत होना बेहद आवश्यक है। बेहतर समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में शांति, सुरक्षा और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी जाएगी।
नए नेतृत्व के साथ जिले में पुलिस व्यवस्था को लेकर सकारात्मक माहौल और उम्मीदें बढ़ी हैं।

और पढ़ें

error: Content is protected !!