पुलिस टीम पर फायरिंग, 1.14 करोड़ का डोडाचूरा जब्त  नाकाबंदी तोड़कर भागे तस्कर, जंगल में पिकअप छोड़ फरार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रतापगढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए धरियावद थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने 762 किलो 150 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 14 लाख रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान तस्करों ने पुलिस टीम पर 15 से 16 राउंड फायरिंग कर सनसनी फैला दी।
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्रसिंह जोधा एवं वृत्ताधिकारी नानालाल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। 22 मार्च को डीएसटी टीम को एक संदिग्ध पिकअप के परिवहन की सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने पाचागुड़ा क्षेत्र में नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध पिकअप को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वाहन में सवार दो बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर नाकाबंदी तोड़ दी और पुलिस की सरकारी बोलेरो को टक्कर मारकर फरार हो गए। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद बदमाश पिकअप को लेकर जंगल की ओर भागे और आरामपुरा के पास वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। तलाशी लेने पर पिकअप से 38 कट्टों में भरा 762 किलो 150 ग्राम अवैध डोडाचूरा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और धरियावद थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
762 किलो से ज्यादा डोडाचूरा जब्त
अनुमानित कीमत 1.14 करोड़ रुपए
पुलिस पर 15-16 राउंड फायरिंग
पिकअप वाहन जब्त, आरोपी फरार
पुलिस की कई टीमें तलाश में जुटी

प्रतापगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध मादक पदार्थ तस्करी पर बड़ा प्रहार हुआ है, हालांकि आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है।

संवाददाता चंद्र शेखर मेहता

और पढ़ें

error: Content is protected !!