सलूम्बर। जिले की खेल प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में एक अहम पहल के तहत 40 कबड्डी खिलाड़ियों का दल उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिए उत्तरप्रदेश के मेरठ के लिए रवाना हुआ। राज्य सरकार के ‘एक जिला-एक खेल’ कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित इस दल में 20 बालक और 20 बालिकाएं शामिल हैं।
जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने बस को हरी झंडी दिखाकर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान खिलाड़ियों में उत्साह और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। अधिकारियों ने इसे जिले के खेल विकास के लिए सकारात्मक कदम बताया।
आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के उपनिदेशक शैल सिंह सोलंकी के अनुसार यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 23 से 29 मार्च तक आयोजित होगा। इस दौरान खिलाड़ी मेरठ के साथ-साथ जयपुर और अजमेर की प्रतिष्ठित खेल अकादमियों में आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। खिलाड़ियों के यात्रा, ठहरने और भोजन की सभी व्यवस्थाएं प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की गई हैं।
जिला खेल अधिकारी अशोक चौधरी ने बताया कि मेरठ में खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी नितिन तोमर की अकादमी में विशेष प्रशिक्षण मिलेगा। वहीं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किरण पाल और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गुलवीर द्वारा भी खेल की बारीकियां सिखाई जाएंगी।
प्रशिक्षण भ्रमण के तहत खिलाड़ी जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम का अवलोकन करेंगे, जबकि अजमेर के पटेल स्टेडियम में विशेषज्ञों के निर्देशन में विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित होंगे। इसमें तकनीक, रणनीति और फिटनेस पर विशेष फोकस रहेगा।
इस पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षक नरेश रेबारी और पूजा मीना खिलाड़ियों के साथ रहकर मार्गदर्शन करेंगे। जिले के उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की इस पहल को एक मजबूत कदम माना जा रहा है।