प्रेरणा बनीं महिलाएं: हमकदम केंद्र में महिला दिवस पर सशक्तिकरण का संदेश झल्लारा, 26 मार्च।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर जिले झल्लारा स्थित हमकदम किशोरी व महिला सलाह एवं सहयोग केंद्र में महिला दिवस के उपलक्ष्य में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 70 महिलाओं एवं किशोरियों ने भाग लिया, जिनमें से 45 प्रतिभागी ऐसी रहीं जिन्होंने पिछले चार वर्षों में केंद्र से सहयोग प्राप्त कर आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और आज अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रेरणादायक गीत “तुम्हारा साथ मिलने से एहसास-ए-कूवत आया है, नई दुनिया बनाने का जुनून अब हम पर छाया है” से हुई, जिसने उपस्थित महिलाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया। इसके बाद “Give to Gain” थीम पर चर्चा आयोजित की गई, जिसमें आपसी सहयोग और आत्मविकास के महत्व को रेखांकित किया गया।
मानसिक स्वास्थ्य को केंद्र में रखते हुए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने अपनी भावनाओं को समझा और मिट्टी के माध्यम से रचनात्मक अभिव्यक्ति दी। कई महिलाओं ने पहली बार अपने लिए खुशी महसूस करने और स्वयं को समझने का अनुभव साझा किया।
इस अवसर पर झल्लारा थाना अधिकारी जय किशन जी एवं महिला अधिकारिता विभाग के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में “आज आप कैसा महसूस कर रहे हो” पोस्टर का विमोचन किया गया। साथ ही हमकदम हेल्पलाइन 7230014123 के अतिरिक्त दो नए हेल्पलाइन नंबर 9257091231 और 925709132 भी जारी किए गए, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को सहायता मिल सके।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों के साथ अल्पाहार के माध्यम से किया गया। यह आयोजन महिलाओं के आत्मविश्वास, सशक्तिकरण और सामाजिक सहयोग की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

और पढ़ें

error: Content is protected !!