राष्ट्रहित में शिक्षा का संकल्प: शैक्षिक महासंघ की जिला बैठक में संगठन विस्तार पर जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) की जिला स्तरीय बैठक रविवार को दूदर स्थित कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में शिक्षकों की समस्याओं, संगठन की मजबूती और आगामी योजनाओं को लेकर गंभीर मंथन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हिमांशु भट्ट ने की, जबकि संभाग संगठन मंत्री राजेन्द्र सिंह सारंगदेओत मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने शिक्षक को समाज का मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित कर सकता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से ‘राष्ट्र हित में शिक्षा’ के मूल मंत्र को अपनाकर कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान नए सत्र के लिए सदस्यता अभियान की शुरुआत करते हुए सदस्यता पंजिकाएं वितरित की गईं। संगठन को प्रत्येक विद्यालय तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। जिला मंत्री कमल आमेटा ने जानकारी दी कि आगामी दिनों में विभिन्न खंडों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित होंगे, जिनमें संकुल स्तर के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
इसके साथ ही हाल ही में आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए सामाजिक समरसता और शैक्षिक गुणवत्ता को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाओं पर भी चर्चा की गई। शिक्षकों की विभागीय और व्यावहारिक समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और उनके समाधान के लिए अधिकारियों से संवाद करने का आश्वासन भी दिया गया।
बैठक में जिलेभर से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अंत में सभी ने संगठन के उद्देश्यों और अनुशासन के प्रति निष्ठा बनाए रखने का संकल्प लिया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!