कलेक्टर के सख्त निर्देश—हर बच्चे की होगी जांच, टीमें बनाकर स्वास्थ्य विभाग मैदान में उतरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर, 8 अप्रैल। जिले में वायरल एन्सेफेलाइटिस के संभावित खतरे को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र परमार को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर के निर्देशानुसार अब जिलेभर में विशेष स्क्रीनिंग अभियान चलाया जाएगा, जिसमें बच्चों की स्वास्थ्य जांच प्राथमिकता के साथ की जाएगी। खासतौर पर लसाड़िया ब्लॉक सहित संवेदनशील क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों की जांच करेंगी और संदिग्ध लक्षण मिलने पर तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रशासन ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए चिकित्सा कर्मियों, आशा सहयोगिनियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की संयुक्त टीमें गठित की हैं। ये टीमें न केवल स्वास्थ्य परीक्षण करेंगी, बल्कि ग्रामीणों को बीमारी के लक्षण, बचाव के उपाय और समय पर इलाज की जानकारी भी देंगी।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। साथ ही, साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि बच्चों में बुखार, उल्टी, सिरदर्द या असामान्य व्यवहार जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।
जिला प्रशासन के इस सक्रिय कदम से उम्मीद जताई जा रही है कि समय रहते बीमारी पर नियंत्रण पाया जा सकेगा और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!