सलूंबर, 09 अप्रैल। जिले में इस वर्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को विशेष उत्साह और गरिमा के साथ मनाने की तैयारी शुरू हो गई है।
11 से 14 अप्रैल तक चार दिनों तक चलने वाले कार्यक्रमों में सामाजिक समरसता, संविधान जागरूकता और जनभागीदारी पर विशेष फोकस रहेगा।
अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला की अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। प्रशासन ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य कर आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।
कार्यक्रमों की शुरुआत 11 अप्रैल को जिला मुख्यालय पर ज्योतिराव फुले की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की जाएगी। 12 अप्रैल को कॉलेजों एवं आवासीय विद्यालयों में “संविधान को जानें” विषय पर ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा, जिससे युवाओं में संवैधानिक समझ विकसित की जाएगी।
13 अप्रैल को सामाजिक समरसता और स्वच्छता के संदेश के साथ विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। इनमें अंबेडकर के सामाजिक न्याय के विचारों पर संगोष्ठियां, विद्यार्थियों के लिए निबंध, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताएं, साथ ही छात्रावासों में प्रेरणादायक चलचित्र प्रदर्शन शामिल रहेंगे।
मुख्य आयोजन 14 अप्रैल को जिला स्तर पर होगा, जहां संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, शपथ ग्रहण और अन्य प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित, सुरक्षित और गरिमामय ढंग से आयोजित हों। साथ ही कार्यक्रम स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अंबेडकर जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि संविधान के आदर्शों और सामाजिक समरसता को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।