स्कूल से अस्पताल तक कलेक्टर का सख्त निरीक्षण, बालिकाओं को साइकिल वितरण के साथ दी सुविधाओं में सुधार की हिदायत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अटल जन सेवा शिविरों में उमड़ा जनसैलाब, सराड़ा में कलेक्टर ने सुनी समस्याएं—तुरंत समाधान के निर्देश
सलूंबर, 9 अप्रैल। जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। गुरुवार को सभी उपखंड मुख्यालयों पर आयोजित अटल जन सेवा शिविरों में बड़ी संख्या में लोग अपनी परिवेदनाएं लेकर पहुंचे। सराड़ा में जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने स्वयं उपस्थित होकर जनसुनवाई की और विभिन्न समस्याओं पर मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए।
शिविर में पेंशन, खेतों के रास्ते, अतिक्रमण, सड़क गुणवत्ता और मनरेगा कार्यों से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि हर परिवेदना पर प्रभावी कार्रवाई के साथ उसका नियमित अपडेट रखा जाए और लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निस्तारित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके।
इसी दौरान कलेक्टर ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पाल सराड़ा का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यालय में स्वच्छता, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। बालिकाओं को निःशुल्क साइकिल वितरण कर उन्हें शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी प्रशासन ने गंभीरता दिखाई। कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सराड़ा का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता, स्टाफ की उपस्थिति और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिले और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही पंचायत समिति, एसडीएम कार्यालय और तहसील कार्यालयों का भी विस्तृत निरीक्षण किया गया। विभिन्न शाखाओं के कार्य, राजस्व रजिस्टर, एलआरसी और पंजीयन कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अभिलेख संधारण और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए प्रभावी मॉनिटरिंग जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान सराड़ा एसडीएम आकांक्षा दुबे, तहसीलदार आस्था रानी बामणिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि अब आमजन की समस्याओं में देरी नहीं होगी और हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!