सलूंबर में गूंजा गोसम्मान का शंखनाद: 27 अप्रैल की रैली को लेकर मंदिरों में बैठकों का दौर तेज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। शहर में गोसम्मान आह्वान अभियान को लेकर धार्मिक और सामाजिक माहौल गरमा गया है। अभियान के तहत नगर के विभिन्न मंदिर परिसरों में आयोजित बैठकों में बड़ी संख्या में समाजसेवी, धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी और वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। बैठकों में गोसंरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान 27 अप्रैल को प्रस्तावित विशाल रैली को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं और अब तक किए गए जनसंपर्क कार्यों की समीक्षा भी की गई। अभियान से जुड़े कार्यकर्ता आसपास के क्षेत्रों में संत-महात्माओं से संपर्क कर उन्हें रैली में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं।
नगर में वार्ड स्तर पर टीमें गठित कर जनजागरण अभियान को गति दी जा रही है। घर-घर पत्रक वितरण कर लोगों को रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आयोजकों ने आमजन से अपील की है कि वे 27 अप्रैल को सुबह 9 बजे गांधी चौक पर एकत्रित होकर तहसील कार्यालय तक शांतिपूर्ण मार्च में भाग लें और अपनी मांगों को प्रशासन तक पहुंचाएं।
इस दौरान गोभक्तों ने एक स्वर में मांग उठाई कि गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिया जाए और देशभर में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया जाए। अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि यह केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा की रक्षा का संकल्प है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!