सलूंबर। गर्मी के मौसम में खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। “शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के तहत बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न डेयरी, आइसक्रीम और जूस सेंटरों पर अचानक निरीक्षण कर हड़कंप मचा दिया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने संदिग्ध गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों के 4 नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई, स्टोरेज व्यवस्था और उपयोग में ली जा रही सामग्री की गुणवत्ता की भी बारीकी से जांच की।
अभियान के दौरान कई स्थानों पर खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई, जिस पर संबंधित संचालकों को सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, गर्मी में डेयरी उत्पाद, आइसक्रीम और जूस की मांग बढ़ने के साथ मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है, ऐसे में लगातार निरीक्षण अभियान चलाकर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं मिलावट की आशंका हो तो तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा, जिससे लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।