सलूम्बर, 02 मई 2026। जिले की ग्राम पंचायत धारोद में आयोजित रात्रि चौपाल कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याओं की सीधी सुनवाई करते हुए जिला कलेक्टर ने कई अहम मुद्दों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर सामूहिक ज्ञापन सौंपे, जिन पर प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी।
सबसे प्रमुख मुद्दा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धारोद में डीएमएफटी मद से स्वीकृत कक्षा-कक्ष निर्माण कार्य का रहा, जो पिछले एक वर्ष से लंबित है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए और समग्र शिक्षा विभाग से सीधे संवाद कर निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने को कहा।
विद्यालय के सामने मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका को लेकर भी ग्रामीणों ने चिंता जताई। इस पर स्कूल के सामने स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाने की मांग रखी गई, जिसे प्रशासन ने प्राथमिकता से लेने का भरोसा दिया।
इसके अलावा विद्यालय से सिंचाई विभाग गैंग हट तक बनी सीसी सड़क की खराब स्थिति को लेकर भी शिकायत की गई। ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार की लापरवाही से सड़क टूट चुकी है और बिखरी गिट्टी के कारण धूल उड़ने से आमजन व छात्र-छात्राएं परेशान हैं। इस पर मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए।
जलदाय विभाग की पाइपलाइन में लंबे समय से हो रहे लीकेज को भी गंभीर समस्या बताया गया। इससे गंदा पानी जमा होकर कीचड़ फैल रहा है और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने लादुघाटी मुख्य सड़क से शोभावाड़ा स्कूल होते हुए गुड़ मुख्य सड़क तक लिंक रोड निर्माण की मांग भी रखी। उनका कहना था कि सड़क सुविधा के अभाव में आवागमन बेहद कठिन हो जाता है, खासकर बरसात के समय।
चौपाल में प्राचीन हनुमान मंदिर में हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर भी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, पुलिस गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की।
इसके साथ ही मुख्य गांव में रोड लाइट लगाने की मांग भी उठाई गई, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल के दौरान प्रशासन की तत्परता से ग्रामीणों में भरोसा जगा और उम्मीद बंधी कि समस्याओं का जल्द समाधान होगा।