स्वास्थ्य सुविधाओं के नए केंद्र की तैयारियां तेज, कलेक्टर ने नवनिर्मित जिला अस्पताल का किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने के उद्देश्य से निर्माणाधीन नवनिर्मित जिला अस्पताल का जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद ने निरीक्षण कर चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल भवन के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन करते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल के जंक्शन क्षेत्र, प्रथम तल तथा तीन मंजिला भवन में बनाए जा रहे विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों, विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की तथा शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी महेंद्र कुमार परमार, पीएमओ डॉ. राजेश दोषी तथा विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता राकेश सोनी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अस्पताल परिसर में चल रहे निर्माण एवं तकनीकी कार्यों की विस्तृत जानकारी कलेक्टर को दी।
कलेक्टर ने कहा कि जिला अस्पताल जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा।

ऐसे में निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए और सभी आवश्यक सुविधाओं को मानकों के अनुरूप विकसित किया जाए। उन्होंने अस्पताल में मरीजों और परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, विद्युत, स्वच्छता एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि नवनिर्मित जिला अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जिले के हजारों लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। इससे गंभीर मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता भी कम होगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!