पेड़ की टहनी बनी काल, मौत के बाद फूटा जनाक्रोश; छह घंटे हाईवे जाम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। धारोद रोड पर हुए दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय जोरावर सिंह कानावत की मौत
के बाद क्षेत्र में जनाक्रोश फूट पड़ा। शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों, समाजजनों और जनप्रतिनिधियों ने सलूंबर-ऋषभदेव स्टेट हाईवे-53 पर धरना देकर प्रशासन और सार्वजनिक निर्माण विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने कई घंटों तक सड़क जाम रखी, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ दिन पूर्व आए तेज तूफान और आंधी के दौरान सड़क किनारे स्थित आम का पेड़ क्षतिग्रस्त होकर सड़क की ओर झुक गया था। खतरनाक स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार संबंधित विभाग को मौखिक सूचना दी, लेकिन समय रहते पेड़ और उसकी टूटी टहनियों को नहीं हटाया गया। लोगों का कहना है कि इसी लापरवाही का खामियाजा जोरावर सिंह कानावत को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा।

घटना के बाद शनिवार सुबह से ही ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर दिखाई दिया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर, तहसीलदार और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों से बातचीत की, लेकिन शुरुआत में लोग आश्वासनों से संतुष्ट नहीं हुए। बाद में समाजजनों और परिजनों की 11 सदस्यीय समिति का गठन किया गया, जिसने कलेक्ट्रेट में प्रशासन के साथ विस्तृत वार्ता की।

बैठक में मृतक परिवार को आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा दुर्घटना की निष्पक्ष जांच की मांग रखी गई। प्रशासन ने संबंधित मामले में विभागीय प्रक्रिया शुरू करने और नोटिस जारी करने की जानकारी दी, लेकिन प्रदर्शनकारी इससे पूरी तरह संतुष्ट नजर नहीं आए।धरना-प्रदर्शन में विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। मौके पर छप्पन मंडल अध्यक्ष अमरा पटेल, सलूंबर प्रधान देवेंद्र सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष परमानंद मेहता, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह सहित भाजपा एवं कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने मृतक परिवार को न्याय दिलाने, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की।

विरोध प्रदर्शन के दौरान सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मणिलाल मेघवाल भी ग्रामीणों के निशाने पर रहे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों की लगातार अनदेखी की गई है। कई लोगों ने अधिकारी को तत्काल हटाने तथा विभागीय जांच कराने की मांग उठाई।

धरने के दौरान क्षेत्र की अधूरी सड़क परियोजनाएं भी चर्चा का केंद्र बनी रहीं। ग्रामीणों ने कहा कि धारोद चौराहे से अदकालिया चौकी तक चल रहा सड़क चौड़ीकरण कार्य वर्षों बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। अधूरी सड़क, गड्ढों और सुरक्षा इंतजामों के अभाव के कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने निर्माण एजेंसी और संबंधित ठेकेदार की जवाबदेही तय करने की भी मांग की।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बारौलजी मंदिर के पीछे स्थित दुर्घटना संभावित क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां पूर्व में भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा उपायों पर ध्यान नहीं दिया गया।
करीब छह घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सहमति बनने पर हाईवे पर यातायात बहाल हो सका। शाम को जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इधर, जोरावर सिंह कानावत के निधन से व्यापार जगत में भी शोक की लहर छा गई। वे सलूंबर के प्रतिष्ठित सर्राफा प्रतिष्ठान ‘महेंद्र बापू ज्वेलर्स मॉल’ में लंबे समय से कार्यरत थे। उनके सम्मान में शनिवार को प्रतिष्ठान बंद रखा गया। व्यापारियों, कर्मचारियों और परिचितों ने उन्हें मेहनती, मिलनसार और जिम्मेदार व्यक्तित्व बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मृतक परिवार को न्याय, उचित मुआवजा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!