दहेज के लिए विवाहिता की संदिग्ध मौत; मृतका ने बहन से कहा था, ‘मेरे बच्चे का ख्याल रखना, इन्होंने मारने की तैयारी कर ली है’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

झल्लारा/सलूंबर। थाना क्षेत्र के नोली गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए झल्लारा थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, गालियागोट निवासी पीड़ित पिता याकूब शाह ने शनिवार को झल्लारा थाने में उपस्थित होकर लिखित रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी पुत्री खुशी का विवाह नोली गांव में हुआ था। शादी के बाद से ही उसका पति, ससुर, जेठ और जेठानी आए दिन पैसों की मांग को लेकर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
​पिता ने बताया कि मौत से दो दिन पूर्व खुशी ने अपनी बहन को फोन कर रोते हुए कहा था कि ससुराल वाले उसे जान से मार देंगे, उसे यहां से ले जाओ। इसके बाद परिजन उसे लेने नोली गांव पहुंचे भी थे, लेकिन ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ लड़ाई-झगड़ा किया और खुशी को साथ भेजने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद दिनांक 05/06/2026 को खुशी ने एक बार फिर अपनी बहन को फोन किया। इस बार उसकी आवाज में खौफ था। उसने कहा कि उसके पति, जेठ-जेठानी और ससुर ने उसे मारने की पूरी तैयारी कर ली है, इसलिए वे उसके बच्चे का ख्याल रखें।
​इस खौफनाक फोन कॉल के कुछ ही देर बाद मायके पक्ष को सूचना मिली कि खुशी की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। ससुराल वाले उसे गंभीर हालत में सलूंबर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता का आरोप है कि यह सामान्य मौत नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है। पीड़ित पिता ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनकी बेटी को दहेज के भूखों ने मार डाला और आखिरी वक्त में भी उसने अपने बच्चे की सलामती की भीख मांगी थी, इसलिए दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिले।
​झल्लारा थाना पुलिस ने पिता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मृतका के शव को मोर्चरी में रखवाया, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ससुराल पक्ष के संदिग्धों से पूछताछ की तैयारी कर रही है और मामले के हर पहलू की गहनता से तफ्तीश की जा रही है।

संवाददाता नाथूलाल सालवी

और पढ़ें

error: Content is protected !!