सलूम्बर। राज्य सरकार द्वारा आयोजित होने वाले विशेष पूजा-अर्चना एवं मंगलकामना कार्यक्रम, नारी चौपाल और आगामी शहरी-ग्रामीण सेवा शिविरों की तैयारियों को लेकर मंगलवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेशभर के अधिकारियों से संवाद कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में सलूम्बर जिले की ओर से अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सपेला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी जुड़े। समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि सभी कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन तक सरकार की योजनाओं और सेवाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाना है, इसलिए विभागीय समन्वय और समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।
जिले में प्रस्तावित विशेष पूजा-अर्चना एवं मंगलकामना कार्यक्रम के तहत जयसमंद स्थित नर्बदेश्वर महादेव मंदिर में होने वाले आयोजन को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. सपेला ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में आगामी शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों की रूपरेखा पर भी मंथन किया गया। अधिकारियों को शिविरों के माध्यम से अधिकाधिक लोगों तक सेवाएं पहुंचाने, व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा लाभार्थियों को सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने विश्वास जताया कि बेहतर समन्वय और पूर्व तैयारियों के चलते जिले में सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न होंगे।