सलूम्बर, 9 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले देशभर में योग को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक अनूठी पहल की जा रही है। आयुष मंत्रालय और हार्टफुलनेस के संयुक्त प्रयास से 14 जून को आयोजित होने वाले विशाल ऑनलाइन योग सत्र में अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस आयोजन का लक्ष्य विश्व स्तर पर नया कीर्तिमान स्थापित करना है।
जिला आयुर्वेद विभाग ने जिले के नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, कर्मचारियों और सामाजिक संगठनों से इस विशेष कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। विभाग का मानना है कि यदि जिले से बड़ी संख्या में लोग इस ऑनलाइन सत्र से जुड़ते हैं तो सलूम्बर राज्य स्तर पर भी अपनी अलग पहचान बना सकेगा।
सहायक नोडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र जोशी ने बताया कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार भी है। ऐसे में इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागिता कर लोग स्वयं के स्वास्थ्य के साथ-साथ एक वैश्विक रिकॉर्ड निर्माण के साक्षी भी बन सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक प्रतिभागी टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 के माध्यम से या पंजीकरण लिंक पर आवश्यक जानकारी भरकर अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। पंजीकरण के बाद प्रतिभागियों को ऑनलाइन सत्र से जुड़ने के लिए आवश्यक लिंक उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि “एक विश्व, एक योग – एक रिकॉर्ड” की भावना के साथ इस अभियान से जुड़ें और योग के माध्यम से स्वस्थ भारत के संकल्प को मजबूत बनाएं।