12 जून से शुरू होंगे सेवा शिविर, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिया ‘मौके पर समाधान’ का मंत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से 12 जून से शुरू होने वाले ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है।
बुधवार को जिला कलक्टर मोहम्मद जुनैद पी.पी. ने कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को शिविरों को जनसेवा का प्रभावी मंच बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलक्टर ने स्पष्ट कहा कि शिविरों का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि अधिकतम मामलों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान राजस्व, पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, कृषि, जलदाय, चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, शिक्षा, ऊर्जा, पशुपालन तथा अन्य विभागों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिविर स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं तथा प्रत्येक विभाग अपनी सेवाओं और योजनाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाए। जिला कलक्टर ने उपखण्ड
अधिकारियों और विकास अधिकारियों को शिविर स्थलों का पूर्व निरीक्षण करने तथा जनप्रतिनिधियों और स्थानीय संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच विश्वास बढ़ाने में ऐसे शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और इनके माध्यम से लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ सरलता से उपलब्ध कराया जा सकता है।
बैठक में आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को जिला, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर सामूहिक योग कार्यक्रमों के सफल आयोजन, व्यापक जनजागरूकता तथा योग संगम पोर्टल पर अधिकाधिक पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से 21 जून को आयोजित होने वाले योग कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील भी की। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सपेला सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!