रात्रि चौपाल में सुनेंगे गांव की आवाज, लसाड़िया में आज पहुंचेगा जिला प्रशासन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। ग्रामीणों की समस्याओं को गांव स्तर पर ही सुनकर उनके त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला प्रशासन शुक्रवार शाम लसाड़िया पंचायत समिति क्षेत्र में रात्रि चौपाल आयोजित करेगा। जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. की अध्यक्षता में होने वाली इस चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे जिला कलक्टर एवं प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा। पेयजल, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा सहित जनसुविधाओं से जुड़े मामलों पर विशेष रूप से सुनवाई की जाएगी। प्राप्त परिवेदनाओं के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जनसुनवाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाते हुए आमजन को राहत प्रदान करना है। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों तक पहुंचाई जाएगी ताकि पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
जिला प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिकाधिक संख्या में चौपाल में भाग लेकर अपनी समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं से प्रशासन को अवगत कराएं। प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से ग्रामीणों और शासन के बीच संवाद मजबूत होगा तथा स्थानीय स्तर की समस्याओं के समाधान को गति मिलेगी। :::

और पढ़ें

error: Content is protected !!