उदयपुर। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा उदयपुर देहात द्वारा बुधवार को डबोक स्थित जनार्दन राय नागर विश्वविद्यालय सभागार में प्रबुद्धजन सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता चित्तौड़गढ़ सांसद एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद देश को ऐसा नेतृत्व मिला है जो राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर कार्य कर रहा है।
जोशी ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में सेना को मजबूती मिली है, देश की सामरिक क्षमता बढ़ी है और भारत वैश्विक स्तर पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि युवा, किसान, गरीब और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं लागू की गईं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले देश में भ्रष्टाचार और घोटालों की चर्चा होती थी, जबकि आज विकसित भारत, आत्मनिर्भरता और आर्थिक प्रगति की चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है तथा विकास के साथ देश की सांस्कृतिक विरासत को भी संरक्षित किया गया है।
सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष पुष्कर तेली ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में जनता का भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी के प्रति विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि भारत को विश्वगुरु बनाने के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। सामूहिक प्रयासों से वर्ष 2047 से पहले ही भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम को संभाग प्रभारी नाहर सिंह जोधा एवं विधायक प्रत्याशी कृष्ण गोपाल पालीवाल ने भी संबोधित किया। संचालन दीपक शर्मा ने किया तथा आभार संयोजक रोशनलाल सुथार ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर सलूम्बर विधायक शांता देवी मीणा, मावली के पूर्व विधायक दलीचंद डांगी, पूर्व जिलाध्यक्ष भंवर सिंह पंवार, खेरवाड़ा के पूर्व विधायक नानालाल आहारी सहित भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। :::