सलूंबर-बांसवाड़ा हाईवे पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। उदयपुर से बांसवाड़ा की ओर सीमेंट लेकर जा रहा एक टैंकर सामने से गलत दिशा में आ रही स्कॉर्पियो को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसा केवड़े की नाल के निकट हल्दुघाटी क्षेत्र में हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर रॉन्ग साइड से आ रही स्कॉर्पियो को देखकर टैंकर चालक ने तत्काल वाहन को दूसरी ओर मोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान टैंकर का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना में चालक सुरक्षित रहा तथा किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
हादसे के बाद राजमार्ग की एक लेन प्रभावित होने से कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए दुर्घटना की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, पलटे हुए टैंकर को क्रेन की मदद से हटाने का कार्य जारी है। टैंकर हटने के बाद मार्ग को पूरी तरह सुचारू कर दिया जाएगा।
यह घटना एक बार फिर हाईवे पर रॉन्ग साइड ड्राइविंग के बढ़ते खतरे की ओर संकेत करती है। समय रहते चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा गंभीर जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।