शिविरों में पहुंचे कलक्टर, मौके पर सुनी फरियादें; कई समस्याओं का तत्काल हुआ समाधान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों का सोमवार को जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. और अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने शिविरों में पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने नगर परिषद क्षेत्र और ग्राम पंचायत इटाली खेड़ा में आयोजित शिविरों का दौरा कर विभिन्न विभागों के स्टॉलों, जनसुनवाई व्यवस्थाओं तथा प्राप्त आवेदनों के निस्तारण की स्थिति का अवलोकन किया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और किसी भी परिवेदना को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरी नागरिक अपनी समस्याएं लेकर शिविरों में पहुंचे। जिला कलक्टर ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान करवाया, जबकि शेष प्रकरणों के लिए संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. सापेला ने भी शिविरों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों और उनके निस्तारण की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए आमजन को अधिकतम राहत पहुंचाने पर जोर दिया। शिविरों में जिला एवं उपखंड स्तरीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों ने राज्य सरकार की इस पहल को जनहितकारी बताते हुए सराहना की।

और पढ़ें

error: Content is protected !!