सलूम्बर, 16 जून। पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों के संवर्धन को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में जिला प्रशासन सलूम्बर 20 जून को सरणी नदी स्वच्छता महाअभियान का आयोजन करने जा रहा है। प्रातः 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलने वाले इस विशेष अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी।
जिला प्रशासन के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य सरणी नदी क्षेत्र को स्वच्छ बनाना, जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का भाव विकसित करना है। अभियान के दौरान नदी तटों पर फैले कचरे को हटाने, सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने और पर्यावरण संरक्षण संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
प्रशासन ने राजस्व, पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियान से जोड़ते हुए अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि स्वच्छ और संरक्षित नदी क्षेत्र न केवल पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित जल संसाधन सुनिश्चित करने का भी माध्यम है। इसी सोच के साथ “स्वच्छ सरणी, सुंदर सलूम्बर” के संकल्प को साकार करने के लिए यह बृहद श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
अभियान के माध्यम से लोगों को यह संदेश भी दिया जाएगा कि जल स्रोतों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से इस महाअभियान में शामिल होकर स्वच्छ एवं हरित सलूम्बर के निर्माण में योगदान देने की अपील की है।