सलूम्बर। ग्रामीण सेवा शिविर आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बनते जा रहे हैं। पंचायत समिति झल्लारा की ग्राम पंचायत मातासुला में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में एक ग्रामीण की वर्षों पुरानी राजस्व रिकॉर्ड संबंधी समस्या का मौके पर निस्तारण कर प्रशासन ने संवेदनशीलता का परिचय दिया।
मातासुला निवासी मोतिया पुत्र मेघा ने शिविर में पहुंचकर बताया कि उनकी कृषि भूमि से जुड़े पुराने राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज करने के दौरान त्रुटि हो गई थी। रिकॉर्ड में गलत नाम अंकित होने के कारण उन्हें विभिन्न सरकारी कार्यों एवं योजनाओं का लाभ लेने में लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
शिविर में मौजूद राजस्व अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुराने अभिलेखों का परीक्षण किया। जांच के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर राजस्व रिकॉर्ड में नाम शुद्धिकरण की कार्रवाई मौके पर ही संपन्न कर दी गई। वर्षों से लंबित समस्या का समाधान होने पर लाभार्थी और उसके परिजनों के चेहरे खिल उठे।
मोतिया ने कहा कि लंबे समय से वह इस समस्या के समाधान के लिए प्रयासरत थे, लेकिन ग्रामीण सेवा शिविर में उनकी परेशानी का तत्काल निराकरण हो गया। उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, नामांतरण, प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे लोगों के समय और धन दोनों की बचत हो रही है तथा प्रशासन के प्रति भरोसा भी मजबूत हो रहा है।