सलूम्बर, 16 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 ग्रामीणों के लिए राहत और समाधान का प्रभावी माध्यम बनते जा रहे हैं। ग्राम पंचायत पीलादर में आयोजित शिविर में प्रशासन ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक लाभार्थी को मौके पर ही मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर बड़ी राहत प्रदान की।
ग्राम पंचायत पीलादर निवासी पाचो पुत्र थावरा ने अपने पिता स्वर्गीय थावरा पुत्र कवरा के निधन के उपरांत मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए शिविर में आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन प्राप्त होते ही संबंधित अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण एवं सत्यापन किया।
विकास अधिकारी पंचायत समिति जयसमंद दयाचंद यादव के निर्देशन में प्रकरण का त्वरित निस्तारण करते हुए ग्राम पंचायत द्वारा शिविर स्थल पर ही मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। प्रमाण पत्र हाथों-हाथ मिलने पर लाभार्थी ने प्रशासन और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
लाभार्थी ने बताया कि शिविर में तत्काल समाधान मिलने से उसे सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से मुक्ति मिली तथा समय और धन दोनों की बचत हुई। ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को उनके गांव में ही विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रशासन का कहना है कि ग्रामीण सेवा शिविरों के जरिए आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो रहा है।








