मिलावटखोरों पर सख्ती: 60 किलो एक्सपायरी खाद्य सामग्री नष्ट, जांच टीम पहुंची तो कई दुकानों के गिरे शटर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। जिले में चल रहे ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को झल्लारा और भबराना क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान एक प्रतिष्ठान से बड़ी मात्रा में अवधि-पार और अनुपयोगी खाद्य सामग्री बरामद होने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया, जबकि टीम के पहुंचते ही कई व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दीं।
खाद्य सुरक्षा दल ने वन नाका चौराहा स्थित एक किराना प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया, जहां मसाले, घी, नमकीन, चिप्स, कॉर्न फ्लेक्स, पापड़, पोहा, राजगीरा व सिंघाड़े के आटे सहित विभिन्न खाद्य पदार्थ एक्सपायरी पाए गए। करीब 60 किलोग्राम खाद्य सामग्री को जब्त कर जनहित में गड्ढे में दबाकर नष्ट करवाया गया। यह सामग्री उपभोक्ताओं को बिक्री के लिए रखी गई थी।
जांच के दौरान सरसों तेल, काजू, नमक, रसगुल्ले, खाद्य तेल, लड्डू, चाय और धनिया पाउडर समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए। कुल आठ नमूनों का संग्रह किया गया है, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण में कई प्रतिष्ठानों पर खाद्य अनुज्ञा पत्र प्रदर्शित नहीं मिला। साथ ही साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। कई स्थानों पर बिना लेबल वाली खाद्य सामग्री खुलेआम बेची जा रही थी, जिस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित व्यापारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कमियों को दूर करने के लिए इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए जाएंगे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में मिलावट और खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही खाद्य कारोबारियों से वैध लाइसेंस लेकर ही व्यवसाय संचालित करने तथा नियमों का पालन करने की अपील की गई है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!