सलूम्बर। आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने शुक्रवार को झल्लारा क्षेत्र स्थित खोलड़ी आईटीआई परिसर में बनाए गए ईवीएम वेयरहाउस का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ईवीएम भंडारण से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने परिसर में स्थापित डोम, स्ट्रांग रूम, सीलिंग रूम तथा चुनाव सामग्री भंडारण कक्षों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध संसाधनों और सुरक्षा मानकों की जांच की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्वाचन संबंधी सामग्री की सुरक्षा एवं गोपनीयता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
कलेक्टर ने परिसर में साफ-सफाई की स्थिति को और बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि चुनावी तैयारियों से जुड़े सभी स्थानों को व्यवस्थित रखा जाए। साथ ही सुरक्षा को मजबूत करने के लिए परिसर में प्रभावी बैरिकेडिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि भविष्य में निर्वाचन कार्यों के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की सफलता के लिए प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है और सभी को सतर्कता एवं गंभीरता के साथ कार्य करना होगा।
निरीक्षण के दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी जगदीश चंद्र बामनिया, ईवीएम मतपेटी प्रकोष्ठ प्रभारी एवं कोषाधिकारी रवि प्रकाश लांबा, चुनाव सामग्री प्रकोष्ठ प्रभारी भागूराम महला, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मणिलाल सहित निर्वाचन, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तथा आईटीआई संस्थान के अधिकारी मौजूद रहे।