सलूम्बर, 20 जून। विश्व प्रसिद्ध जयसमंद झील की ऐतिहासिक पाल शनिवार सुबह योग और स्वास्थ्य चेतना का केंद्र बनेगी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश देंगे।
सुबह 6 बजे से शुरू होने वाले इस विशेष आयोजन में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और आमजन की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा।
आयोजन का उद्देश्य लोगों को नियमित योग से जोड़ना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
इस वर्ष की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” को ध्यान में रखते हुए योग के माध्यम से बढ़ती उम्र में भी सक्रिय और निरोग रहने के उपायों पर विशेष जोर दिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। अधिकारियों के अनुसार जयसमंद की प्राकृतिक सुंदरता के बीच आयोजित यह कार्यक्रम प्रतिभागियों को एक अनूठा अनुभव प्रदान करेगा और योग के प्रति जनजागृति को नई दिशा देगा।
जिला मुख्यालय के अलावा जिले के विभिन्न ब्लॉक, ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों में भी सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वहीं सलूम्बर शहर का मुख्य योग आयोजन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में होगा, जहां बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
प्रशासन ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।