संगठन सशक्तिकरण पर कांग्रेस का फोकस, निष्क्रिय पदाधिकारियों पर होगी कार्रवाई एक माह में पंचायत राज व नगर परिषद चुनावों के लिए तैयार होंगे संभावित प्रत्याशियों के पैनल
सलूम्बर। आगामी पंचायत राज एवं नगर परिषद चुनावों की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी सलूम्बर द्वारा कांग्रेस भवन में आयोजित बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं राजस्थान सहप्रभारी ऋत्विक मकवाना ने संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में मकवाना ने कहा कि पार्टी की मजबूती बूथ स्तर से शुरू होती है, इसलिए प्रत्येक बूथ पर कम से कम 11 सदस्यों की सक्रिय टीम का गठन किया जाए। उन्होंने जिला, ब्लॉक, मंडल और ग्राम पंचायत स्तर पर नियमित बैठकों के आयोजन पर बल देते हुए संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई। साथ ही स्पष्ट किया कि पार्टी गतिविधियों से लगातार दूरी बनाने वाले और तीन बार लगातार अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों के स्थान पर नए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी।
उन्होंने आगामी स्थानीय निकाय एवं पंचायत राज चुनावों को देखते हुए एक माह के भीतर पंचायत समिति स्तर पर बैठकें आयोजित कर जिला परिषद, पंचायत समिति सदस्य एवं नगर परिषद पार्षद पदों के लिए तीन-तीन संभावित नामों का पैनल तैयार करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत स्तर पर भी पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं को चुनावी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने की बात कही।
प्रेस से बातचीत में मकवाना ने कोटा में आयोजित राहुल गांधी के कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को कांग्रेस लगातार उठा रही है। उन्होंने नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं और विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार की शिक्षा नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष परमानन्द मेहता ने कहा कि पार्टी संगठन आगामी चुनावों को लेकर पूरी तरह सक्रिय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक पहुंचकर संगठन को मजबूत करने और योग्य उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का आह्वान किया। मेहता ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा युवाओं और छात्रों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का कार्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है और प्रत्येक कार्यकर्ता को इसी भावना के साथ जनता के बीच सक्रिय रहना चाहिए।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, जिला प्रभारी, विधानसभा प्रभारियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों, ब्लॉक अध्यक्षों तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।